’’छू लो आसमान’’ संस्थान में ’’राष्ट्रीय अंतरिक्ष सप्ताह’’ का शुभारंभ बालिकाओं ने सीखे विज्ञान के अद्भुत प्रयोग
बालिकाओं ने सीखे विज्ञान के अद्भुत प्रयोग


भारत अपडेट न्यूज़ दंतेवाड़ा, 13 अगस्त 2026। महान भारतीय वैज्ञानिक डॉ. विक्रम साराभाई की जयंती के उपलक्ष्य में जिला विज्ञान केंद्र, दंतेवाड़ा द्वारा 12 से 18 अगस्त तक आयोजित हो रहे ’’राष्ट्रीय अंतरिक्ष सप्ताह’’ का शुभारंभ ’’छू लो आसमान’’ (बालिका) संस्थान में उत्साहपूर्वक किया गया। इस विशेष शैक्षणिक आउटरीच कार्यक्रम में संस्थान की छात्राओं ने प्रयोगात्मक विज्ञान और अंतरिक्ष स्पर्धाओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
सत्र की शुरुआत में विज्ञान केंद्र के प्रमुख उपेंद्र गौतम ने छात्राओं को डॉ. विक्रम साराभाई के जीवन संघर्ष, इसरो की स्थापना और आधुनिक युग में अंतरिक्ष अनुसंधान के महत्व से अवगत कराया।
इसके पश्चात विज्ञान केंद्र की टीम द्वारा ’’कबाड़ से जुगाड़’’ और लो-कॉस्ट किट्स की मदद से एक जीवंत ’’साइंस डिमॉन्स्ट्रेशन लेक्चर’’ प्रस्तुत किया गया। इसमंक स्ट्रॉ, पानी की बोतलों, धागों और पेंसिलों के माध्यम से ध्वनि की आवृत्ति, वायुदाब, द्रव घनत्व तथा सेंटर ऑफ ग्रेविटी के सिद्धांतों को खेल-खेल में आसानी से समझाया गया।
क्विज में वाणी साहू प्रथम, 23 अगस्त को होंगी सम्मानित
कार्यक्रम के अगले चरण में अंतरिक्ष विज्ञान, खगोलशास्त्र व चंद्रयान मिशनों पर आधारित एक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रा वाणी साहू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार हासिल किया। विजेता वाणी साहू को आगामी 23 अगस्त 2026 (राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस) के अवसर पर जिला विज्ञान केंद्र, दंतेवाड़ा में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में विशेष रूप से आमंत्रित कर पुरस्कृत व सम्मानित किया जाएगा। संस्थान की प्रमुख रविंद्र सैनी ने विज्ञान केंद्र दंतेवाड़ा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयोगात्मक सत्रों से बालिकाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, आत्मविश्वास और नवाचार की भावना को नया बल मिलता है। इस मौके पर विज्ञान केन्द्र टीम के सदस्य दीकेश यादव व मंगलू पोडियाम सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।




