Welcome to Bharat Update News   Click to listen highlighted text! Welcome to Bharat Update News
E-Paperhttps://bharatupdatenews.live/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifUncategorizedछत्तीसगढ़टेक्नोलॉजीटॉप न्यूज़दिल्ली NCRदुनियादेशयुवाराजनीतिराज्यलोकल न्यूज़

नक्सल चुनौती से डिजिटल दौर तक बदली बीजापुर की पत्रकारिता

कभी सुरक्षा के साए में खबरों की जद्दोजहद, अब फेक न्यूज और विश्वसनीयता सबसे बड़ी चुनौती

बीजापुर, 30 अगस्त। नक्सल प्रभावित क्षेत्र की पहचान से निकलकर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहे बीजापुर में पत्रकारिता का चेहरा भी तेजी से बदल रहा है। एक दौर था जब सुरक्षा चुनौतियों के बीच जमीनी खबरों को सामने लाना पत्रकारों के लिए बड़ी चुनौती हुआ करता था, लेकिन डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारिता के सामने चुनौतियों का स्वरूप बदल गया है। अब खबर की रफ्तार के साथ उसकी सच्चाई, निष्पक्षता और विश्वसनीयता सबसे बड़ी कसौटी बन गई है।

यह विचार प्रेस क्लब बीजापुर के शपथ ग्रहण समारोह में सामने आया, जहां नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने पत्रकारिता को तथ्यपरक, निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ा रखने का संकल्प लिया।

पत्रकारिता केवल खबर नहीं, समाज की आवाज : पवन दुर्गम

समारोह में नवनिर्वाचित प्रेस क्लब अध्यक्ष पवन दुर्गम ने कहा कि पत्रकारिता केवल खबर प्रकाशित या प्रसारित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज की समस्याओं को सामने लाने और उन्हें जिम्मेदार व्यवस्था तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों के साथ-साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को भी प्राथमिकता देगा। ग्रामीण क्षेत्रों, आम नागरिकों और समाज के कमजोर वर्गों की समस्याओं को प्रमुखता से सामने लाना पत्रकारिता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

सोशल मीडिया के दौर में बढ़ी जिम्मेदारी : विधायक विक्रम मंडावी

मुख्य अतिथि विधायक विक्रम मंडावी ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि विधायिका कानून बनाती है और कार्यपालिका उसका क्रियान्वयन करती है, जबकि मीडिया शासन-प्रशासन की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए जनसमस्याओं को सामने लाने का काम करता है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के दौर में देश-दुनिया की कोई भी खबर कुछ ही समय में लोगों तक पहुंच जाती है। ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। तेजी से खबर देने की होड़ में तथ्य और सत्य से समझौता नहीं होना चाहिए।

 

पक्षधरता की धारणा से बचना जरूरी

विधायक ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता के सामने एक बड़ी चुनौती यह भी है कि किसी खबर को लेकर पत्रकार या संस्थान के किसी व्यक्ति अथवा राजनीतिक दल के पक्ष में होने की धारणा बन जाती है। ऐसी स्थिति में पत्रकारों को किसी व्यक्ति या संस्था को खुश करने के बजाय तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष पत्रकारिता को प्राथमिकता देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि बस्तर और बीजापुर जब राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आते हैं तो इसमें स्थानीय पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। स्थानीय पत्रकार जमीनी स्तर की घटनाओं और समस्याओं को सामने लाकर क्षेत्र की वास्तविक तस्वीर देश-दुनिया तक पहुंचाते हैं।

नई कार्यकारिणी ने लिया निष्पक्ष पत्रकारिता का संकल्प

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी ने निष्पक्ष, निर्भीक, तथ्यपरक और जनसरोकार वाली पत्रकारिता को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। बदलते डिजिटल दौर में खबरों की विश्वसनीयता बनाए रखने, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता देने और पत्रकारों के हितों के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता भी जताई गई।

ये रहे मौजूद

समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग, नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, उप संचालक जनसंपर्क दिनेश नेताम, संजय लुंकड़, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया, जेसीसीजे जिलाध्यक्ष विजय झाड़ी, अजय सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

BHARAT UPDATE NEWS | सबसे तेज खबर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!