सावन के अंतिम सोमवार की पावन कावड़ यात्रा
अंतिम सोमवार की पावन कावड़ यात्रा



भारत अपडेट न्यूज़ दंतेवाड़ा -पवित्र श्रावण मास के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर आज दंतेवाड़ा में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।

विधायक चैतराम अटामी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में माँ दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण स्थित पवित्र शंकिनी-डंकिनी नदी के संगम से विधि-विधान के साथ पवित्र जल भरकर भव्य कावड़ यात्रा का शुभारंभ किया गया।
हर-हर महादेव के जयघोष और बोल बम के नारों के साथ निकली यह कावड़ यात्रा पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रही थी। इस पावन यात्रा में क्षेत्र के सैकड़ों युवा, बुजुर्ग, माताएं-बहनें एवं शिवभक्त पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ शामिल हुए।
कावड़ यात्रा माँ दंतेश्वरी मंदिर से प्रारंभ होकर गीदम से होते हुए गुमरगुंडा आश्रम स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुँची, जहाँ सभी श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का पवित्र जल से जलाभिषेक, रुद्राभिषेक एवं विधिवत पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर माननीय विधायक ने भगवान भोलेनाथ से समस्त क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की मंगलकामना की तथा सभी के जीवन में शिव कृपा बनी रहे, इसके लिए प्रार्थना की।
यह कावड़ यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, एकता और सामाजिक समरसता का भी सशक्त उदाहरण है।




