शारदीय नवरात्रि पर्व के दौरान दंतेवाड़ा में यातायात व्यवस्था हेतु ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
दंतेवाड़ा में यातायात व्यवस्था हेतु ट्रैफिक एडवाइजरी जारी



भारत अपडेट न्यूज़ दंतेवाड़ा -दिनांक: 11 अक्टूबर 2026 से 19 अक्टूबर 2026 तक
जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में स्थित प्रसिद्ध मां दंतेश्वरी मंदिर में शारदीय नवरात्रि पर्व दिनांक 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मां दंतेश्वरी के दर्शन हेतु दंतेवाड़ा पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है।
श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील है कि वे निर्धारित मार्गों एवं पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
भारी वाहनों के लिए निर्धारित मार्ग
(क) रायपुर, कोंडागांव एवं जगदलपुर से किरंदुल/बचेली जाने वाले भारी वाहन
केशलूर से कटेकल्याण होते हुए दंतेवाड़ा एसबीआई बैंक चौक की ओर आवागमन करेंगे।
(ख) बचेली, किरंदुल एवं दंतेवाड़ा से जगदलपुर, कोंडागांव एवं रायपुर जाने वाले भारी वाहन
दंतेवाड़ा एसबीआई बैंक चौक से कटेकल्याण होते हुए केशलूर की ओर आवागमन करेंगे।
(ग) बचेली/किरंदुल से बीजापुर की ओर जाने वाले भारी वाहन
दंतेवाड़ा से फरसपाल चौक होते हुए गीदम की ओर आवागमन करेंगे। इसी प्रकार बीजापुर से बचेली/किरंदुल की ओर आने वाले भारी वाहन गीदम से फरसपाल होते हुए दंतेवाड़ा पहुंचेंगे।
बस एवं अन्य छोटे वाहनों के लिए निर्धारित मार्ग
(क) रायपुर, कोंडागांव एवं जगदलपुर से किरंदुल/बचेली जाने वाले वाहन
गीदम हरम चौक से दंतेवाड़ा रेलवे क्रॉसिंग, गायत्री चौक एवं जिला अस्पताल रोड होते हुए एसबीआई बैंक चौक की ओर आवागमन करेंगे।
(ख) बचेली, किरंदुल एवं दंतेवाड़ा से जगदलपुर, कोंडागांव एवं रायपुर जाने वाले वाहन
एसबीआई बैंक चौक से जिला अस्पताल रोड होते हुए गायत्री चौक, रेलवे क्रॉसिंग एवं हरम चौक गीदम की ओर आवागमन करेंगे।
🅿️ श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था
जगदलपुर, बीजापुर एवं गीदम की ओर से आने वाले वाहन:
• वीआईपी पार्किंग की व्यवस्था होटल देवभोग के पीछे की गई है
दोपहिया वाहनों के लिए न्यू अग्रवाल मार्ट के बाजू में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
कार एवं अन्य चारपहिया वाहनों के लिए हाईस्कूल ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
बचेली, किरंदुल एवं कुआकोंडा की ओर से आने वाले वाहन:-
एसबीआई बैंक चौक से फॉरेस्ट नाका पानी टंकी की ओर निर्धारित मार्ग से होते हुए पूर्व मेला स्थल (तेंदूपत्ता गोदाम) के बगल में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
श्रद्धालुओं से अपील है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
प्रतिबंधित मार्ग एवं समय
दिनांक 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक गायत्री चौक से जय स्तंभ चौक होते हुए बस स्टैंड तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर केवल पैदल श्रद्धालुओं को आने-जाने की अनुमति रहेगी
दिनांक 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक सभी भारी वाहनों का दंतेवाड़ा शहर के मुख्य मार्गों से आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। उन्हें निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।
🚑 आपातकालीन वाहनों को छूट
एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं से संबंधित वाहनों के आवागमन पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा।
दंतेवाड़ा पुलिस की अपील
समस्त श्रद्धालुओं, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील है कि शारदीय नवरात्रि पर्व के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें, सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें तथा पुलिस एवं यातायात कर्मियों को सहयोग प्रदान करें




