विभागीय योजनाओं में ढिलाई पर सख्त कलेक्टर, अधिकारियों को चेतावनी
अधिकारियों को चेतावनी


संवाददाता शुभम सोनी -बेमेतरा कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में लंबित प्रकरणों, विभागीय योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों और हितग्राही मूलक योजनाओं की गहन समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर का कड़ा रुख देखने को मिला। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करें। अपेक्षित प्रगति में कमी को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि इसका सीधा असर आम जनता को मिलने वाले लाभ पर पड़ता है।
💰 “आवंटित राशि का असर धरातल पर दिखना चाहिए”
वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले बजट के सही उपयोग पर जोर देते हुए कलेक्टर ने कहा कि स्वीकृत राशि का प्रभाव जमीनी स्तर पर नजर आना चाहिए।
📊 प्रदर्शन सुधारने के निर्देश
सभी विभागों को लक्ष्य आधारित कार्ययोजना बनाकर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को सप्ताह में अनिवार्य रूप से फील्ड विजिट कर योजनाओं का भौतिक सत्यापन करने को कहा गया।
⚠ प्रदर्शन के आधार पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने साफ चेतावनी दी कि यदि आगामी समीक्षा बैठक तक प्रगति में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस, वेतन वृद्धि रोकने और प्रतिकूल प्रविष्टि जैसी अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
🏗 विभागवार निर्देश
लोक निर्माण विभाग को अधूरी सड़कों और स्वीकृत निर्माण कार्यों को मानसून से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान कार्ड वितरण और टीकाकरण के लक्ष्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने कहा गया।
जिले में प्रशासनिक कसावट के संकेत के साथ अब सभी विभागों की कार्यशैली पर पैनी नजर रहेगी।




