हत्या के आरोपी की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी, टंगिया से वार कर की थी हत्या
टंगिया से वार कर की थी हत्या


भारत अपडेट न्यूज़ दंतेवाड़ा -जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में अपराधों की रोकथाम एवं त्वरित कार्रवाई के क्रम में पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र खुंटे के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी आकांक्षा ठाकुर एवं थाना प्रभारी फरसपाल एएसआई राजकुमार प्रधान के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा हत्या के आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
दिनांक 27.09.2026 को प्रार्थी रंजीत भोगामी, पिता पिसो भोगामी, उम्र 25 वर्ष, जाति मुरिया, निवासी मिडकुलनार, स्कूलपारा द्वारा थाना फरसपाल में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 26.09.2026 की रात्रि लगभग 23:00 बजे उसका चाचा मुन्ना भोगामी उसके घर आया तथा उसके पिता पिसो भोगामी को आवाज देकर कमरे में ले गया। प्रातः कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर दरवाजा खुलवाया गया, जहां पिसो भोगामी मृत अवस्था में पाए गए। मृतक के गले में टंगिया से वार किए जाने के निशान पाए गए।
विवेचना के दौरान आरोपी मुन्ना भोगामी ने बताया कि घटना वाली रात वह मृतक के घर में जबरन प्रवेश कर अंदर से कुंडी लगा रहा था, जिसका मृतक द्वारा विरोध किया जा रहा था। आरोपी एवं मृतक के बीच पूर्व से पैसों का लेन-देन भी बाकी था। इसी बात के आवेश में आकर आरोपी द्वारा टंगिया से वार कर मृतक की हत्या कर दी गई।
घटना के संबंध में थाना फरसपाल में अपराध क्रमांक 12/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुन्ना भोगामी, पिता लक्ष्मण भोगामी, उम्र 40 वर्ष, निवासी मिडकुलनार, स्कूलपारा, थाना फरसपाल, जिला दंतेवाड़ा को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका:
सउनि विनोद कुमार एक्का, प्र.आर. क्रमांक 26, 420, 1395, 900, 39, आर. क्रमांक 268, 364, 1199, 1261 एवं डीएसएफआर क्रमांक 4802 द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी एवं प्रकरण की विवेचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।




