नवनियुक्त छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सांसद सुखदेव भगत का दंतेवाड़ा में भव्य स्वागत गीदम में स्वागत, मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना, कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं की बैठक; लोकतंत्र के “काला दिवस” पर काली पट्टी बांधकर विरोध
बोधघाट क्षेत्र में ग्रामीणों से मिले कांग्रेस नेता, बांध निर्माण के विरोध में ग्रामीणों ने रखी बात; प्रभावितों को दिया हरसंभव साथ का भरोसा


भारत अपडेट न्यूज़ दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत के प्रथम दंतेवाड़ा प्रवास पर जिला कांग्रेस कमेटी एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। गीदम पहुंचने पर कांग्रेसजनों ने पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की भी विशेष उपस्थिति रही। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम, सह-सचिव विजय जांगिड़, डॉ. एस.ए. सम्पत कुमार, मोहन मरकाम, ज़रिता लैतफलांग, लखेश्वर बघेल, चंदन कश्यप, विक्रम मांडवी सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पदाधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद
दंतेवाड़ा पहुंचने के बाद कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लिया। कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी उनके साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं बस्तर की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

मां दंतेश्वरी की पूजा के बाद कांग्रेस प्रभारी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का काफिला कांग्रेस भवन पहुंचा, जहां जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में जिलेभर से पहुंचे कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस भवन में संगठन को मजबूत करने पर हुई चर्चा
कांग्रेस भवन में आयोजित बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आम जनता के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने और कांग्रेस की विचारधारा एवं जनहित के मुद्दों को मजबूती से जनता के बीच ले जाने का आह्वान किया।
वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और जनता से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष करने की बात कही।
लोकतंत्र के “काला दिवस” पर कांग्रेस का विरोध
इसी दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर केंद्र की भाजपा सरकार एवं निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग को लेकर लोकतंत्र के “काला दिवस” के रूप में विरोध प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा के समक्ष काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपा सरकार ने लोकतांत्रिक मूल्यों की सभी सीमाएं पार कर दी हैं। जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक के सांसद निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग करने के लिए शांतिपूर्वक जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे थे, तब उन्हें रोक दिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इस दौरान राहुल गांधी प्रियंका गांधी सहित वरिष्ठ नेताओं एवं INDIA ब्लॉक के सांसदों के साथ बलपूर्वक व्यवहार किया गया तथा उन पर लाठीचार्ज किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता और जनता के निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। कांग्रेस ने इसे संविधान एवं लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना और सरकार एवं संवैधानिक संस्थाओं से जवाब मांगना प्रत्येक नागरिक एवं जनप्रतिनिधि का अधिकार है। इस अधिकार को दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है।
बोधघाट पहुंचे कांग्रेस नेता, प्रभावित ग्रामीणों से किया संवाद
दंतेवाड़ा प्रवास के दौरान कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत जी सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने बोधघाट क्षेत्र का दौरा किया और बांध निर्माण से प्रभावित होने वाले ग्रामीणों से मुलाकात की।
ग्रामीणों ने कांग्रेस नेताओं के समक्ष अपनी चिंताएं एवं समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से कहा कि बोधघाट में बांध का निर्माण नहीं होना चाहिए। ग्रामीणों ने बताया कि बांध निर्माण की स्थिति में उनके गांव, जमीन, आजीविका, जंगल और जीवन-व्यवस्था पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने अपनी बात विस्तार से कांग्रेस नेताओं के सामने रखी और बोधघाट क्षेत्र में प्रस्तावित बांध को लेकर अपनी आशंकाओं एवं आपत्तियों से अवगत कराया।
कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीणों की बात को गंभीरता से सुना और उन्हें भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उनके साथ खड़ी है और ग्रामीणों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।
“ग्रामीणों की आवाज को मजबूती से उठाएंगे”
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बस्तर की पहचान यहां के जल, जंगल, जमीन और यहां रहने वाले आदिवासी एवं ग्रामीण समाज से है। विकास के नाम पर यदि किसी परियोजना से स्थानीय लोगों के अधिकार, उनकी जमीन, संस्कृति, आजीविका और अस्तित्व प्रभावित होता है तो उस विषय पर ग्रामीणों की सहमति और उनकी चिंताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
नेताओं ने कहा कि ग्रामीणों की बात को कांग्रेस उचित मंच तक पहुंचाएगी और इस विषय पर आगे भी लगातार संवाद किया जाएगा।
प्रस्तावित बांध स्थल का भी लिया जायजा
ग्रामीणों से संवाद के बाद कांग्रेस नेताओं ने उस क्षेत्र का भी दौरा किया जहां बांध निर्माण प्रस्तावित बताया जा रहा है। मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति एवं संभावित प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बोधघाट का मुद्दा केवल एक परियोजना का विषय नहीं है, बल्कि यह हजारों लोगों की जमीन, जीवन, आजीविका, जंगल और भविष्य से जुड़ा हुआ सवाल है। इसलिए इस पूरे विषय को गंभीरता से समझने और प्रभावित लोगों की वास्तविक स्थिति को सामने लाने की आवश्यकता है।
राहुल गांधी जी के समक्ष रखा जाएगा बोधघाट का मुद्दा
कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि बोधघाट क्षेत्र के प्रभावित ग्रामीणों की आवाज को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी जी तक पहुंचाया जाएगा।
नेताओं ने कहा कि बोधघाट के ग्रामीणों की समस्याओं और उनकी मांगों को लेकर जल्द ही राहुल गांधी जी से चर्चा की जाएगी तथा उन्हें बस्तर आने के लिए आमंत्रित कर इस पूरे विषय से अवगत कराने का प्रयास किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बस्तर के लोगों की आवाज बस्तर से लेकर दिल्ली तक मजबूती से उठाई जाएगी और ग्रामीणों के हितों से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर कांग्रेस लगातार उनके साथ खड़ी रहेगी।
कांग्रेस नेताओं का सामूहिक संदेश
इस पूरे दौरे के दौरान कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों को समझना और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ना ही कांग्रेस की प्राथमिकता है।
नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत जी के प्रथम दंतेवाड़ा प्रवास को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। स्वागत कार्यक्रम से लेकर कांग्रेस भवन की बैठक और बोधघाट क्षेत्र के दौरे तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुटता के साथ अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बस्तर की जनता के जल, जंगल, जमीन, सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस मजबूती से आवाज उठाती रहेगी तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करते हुए जनता के बीच लगातार संघर्ष जारी रखा जाएगा।




