होली पर मुस्तैद रही बेमेतरा पुलिस – शांतिपूर्ण त्योहार के लिए आभार
बेमेतरा पुलिस – शांतिपूर्ण त्योहार के लिए आभार


संवाददाता शुभम सोनी बेमेतरा, 04 मार्च 2026:
होली जैसे उल्लासपूर्ण एवं संवेदनशील त्यौहार के अवसर पर बेमेतरा जिले में शांति, सौहार्द्र और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेमेतरा पुलिस द्वारा किए गए सशक्त सुरक्षा प्रबंध अत्यंत सराहनीय रहे। पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पेट्रोलिंग एवं फिक्स पॉइंट ड्यूटी लगाई गई।

शहरी एवं ग्रामीण अंचलों में बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात रहे। प्रमुख चौक-चौराहों पर निगरानी रखते हुए ट्रैफिक पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच की गई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले, हुड़दंग मचाने वाले, तीन सवारी चलने वाले एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी गई।
जिला मुख्यालय के संवेदनशील क्षेत्रों सहित शहर के प्रमुख स्थानों — बाजारपारा, पुराना बस स्टैंड, प्रताप चौक, नवागढ़ तिराहा, दुर्गा मंदिर चौक, सिंघौरी चौक सहित अन्य स्थानों पर फिक्स पॉइंट बनाकर लगातार निगरानी रखी गई। साथ ही बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से गौरव पथ, सदर रोड, मिनीमाता चौक और अन्य क्षेत्रों में सतत गश्त की गई।

पुलिस की सजगता और तत्परता का ही परिणाम रहा कि जिले में होली का पर्व हर्षोल्लास, आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। लोगों ने रंग-गुलाल लगाकर, ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य कर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और पूरे जिले में उत्सव का माहौल बना रहा।
🙏 बेमेतरा पुलिस के समस्त अधिकारियों एवं जवानों को सफल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित होली संपन्न कराने हेतु हार्दिक धन्यवाद एवं अभिनंदन।




