मनोधरपुर में जानलेवा हमला: 4 आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल


जिला संवाददाता: शुभम सोनी
भारत अपडेट न्यूज़, बेमेतरा
बेमेतरा जिले के नांदघाट थाना अंतर्गत पुलिस चौकी मारो क्षेत्र में हत्या की नियत से धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी चंदन सिंह जांगड़े पिता हीरा सिंह जांगड़े (48 वर्ष), निवासी ग्राम मनोधरपुर चौकी मारो थाना नांदघाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 05 मार्च 2026 को ग्राम मनोधरपुर के ही तेजप्रकाश उर्फ राज महिलांगे, खुमेन्द्र महिलांगे उर्फ कृष्णा महिलांगे, डाजील महिलांगे एवं जगदीश उर्फ जग्गी महिलांगे ने एक राय होकर उसके पुत्र साहिल जांगड़े तथा अजय भारती पर हत्या करने की नियत से धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपियों ने साहिल और अजय के गर्दन, हाथ और पेट पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस चौकी मारो, थाना नांदघाट में अपराध दर्ज कर धारा 109, 3(5) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश कुमार यादव एवं एसडीओपी बेमेतरा श्री भूषण एक्का के मार्गदर्शन में पुलिस चौकी प्रभारी मारो उप निरीक्षक द्वारिका प्रसाद देशलहरे के नेतृत्व में पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद आरोपियों को 06 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
तेजप्रकाश उर्फ राज महिलांगे (25 वर्ष)
खुमेन्द्र उर्फ कृष्णा महिलांगे (21 वर्ष)
डाजील महिलांगे (18 वर्ष)
जगदीश उर्फ जग्गी महिलांगे (20 वर्ष)
सभी निवासी ग्राम मनोधरपुर, चौकी मारो थाना नांदघाट जिला बेमेतरा।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस चौकी प्रभारी मारो उप निरीक्षक द्वारिका प्रसाद देशलहरे, प्रधान आरक्षक शत्रुहन बंजारे, आरक्षक चेतन वैष्णव, बालमुकुंद सिंह, आसिफ खान, संजूनाथ योगी सहित चौकी मारो के समस्त पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।



