बीजापुर में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़, 2 माओवादी ढेर; AK-47 बरामद
2 माओवादी ढेर; AK-47 बरामद


बीजापुर जिले के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाकों में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है। माओवादियों की नेशनल पार्क एरिया कमेटी के DVCM दिलीप बेड़जा सहित अन्य सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था।पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि 17 जनवरी 2026 की सुबह से ही संयुक्त टीम और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है। अब तक की कार्रवाई में मुठभेड़ स्थल से दो पुरुष माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए हैं। मौके से AK-47 जैसे ग्रेडेड स्वचालित हथियार भी जब्त किए गए हैं।पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण हालात के बावजूद डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ के जवान साहस और प्रतिबद्धता के साथ माओवादियों के खिलाफ निर्णायक अभियान को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं।प्रारंभिक पहचान के अनुसार, मारे गए माओवादी कैडरों में से एक नेशनल पार्क एरिया कमेटी का कुख्यात माओवादी DVCM दिलीप बेड़जा हो सकता है, जबकि दूसरे माओवादी कैडर की पहचान की प्रक्रिया जारी है।फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। अभियान के पूर्ण होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट अलग से साझा किए जाने की जानकारी पुलिस प्रशासन द्वारा दी गई है।
बीजापुर से मेघा जुमड़े कि रिपोर्ट




